म्यूल खातों पर एसटीएफ की कार्रवाई, 15 खातों पर केस
देहरादून, 16 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड एसटीएफ ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत साइबर ठगी में इस्तेमाल हो रहे 15 म्यूल बैंक खातों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की है और 80 से अधिक खातों का सत्यापन किया है। इस दौरान करोड़ों रुपये के लेनदेन से जुड़े एक बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
एसटीएफ के अनुसार जांच में सामने आया कि आरोपी भोले-भाले लोगों को कमीशन, नौकरी या अन्य लालच देकर उनके बैंक खाते हासिल करते थे और उन्हीं खातों के जरिए ठगी की रकम का लेनदेन करते थे। एक मामले में करीब 1.53 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़ी 28 शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस ने मामले में दानिश अंसारी (29) निवासी देवबंद, हाल निवासी कंडोली देहरादून व अंकित एन्थोनी (32) निवासी राजीव नगर, कंडोली देहरादून को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। एसटीएफ ने बताया कि साइबर अपराधी सोशल मीडिया या कॉल के माध्यम से ‘घर बैठे कमाई’ या कमीशन का लालच देकर लोगों के बैंक खातों का दुरुपयोग कर रहे हैं, जिन्हें म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल किया जाता है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि म्यूल खातों के जरिए बड़े स्तर पर साइबर ठगी के मामले सामने आ रहे हैं, जिनकी जांच के लिए 12 टीमें गठित कर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। राज्य में करीब 2200 संदिग्ध म्यूल खातों की जांच की जा रही है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी लालच, फर्जी वेबसाइट या संदिग्ध कॉल के झांसे में न आएं और साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन या साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

