home page

एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 1.521 किलो कैटामाइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
एसटीएफ की संयुक्त कार्रवाई में 1.521 किलो कैटामाइन के साथ दो तस्कर गिरफ्तार


देहरादून, 27 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड एसटीएफ की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और थाना सेलाकुई पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1.521 किलोग्राम कैटामाइन के साथ दो आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है।

सोमवार को एसटीएफ कार्यालय से बताया गया कि खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने सेलाकुई क्षेत्र में घेराबंदी कर दोनों आरोपिताें को पकड़ा। स्कूटी की डिक्की में छिपाकर ले जाए जा रहे पदार्थ की मौके पर मौजूद ड्रग इंस्पेक्टर ने कैटामाइन के रूप में पुष्टि की।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि वे खैरी गांव स्थित बर्थवाल के आम के बगीचे के पास एक अज्ञात व्यक्ति को यह खेप पहुंचाने जा रहे थे। पुलिस अब मादक पदार्थ के स्रोत, सप्लाई चेन और पूरे ड्रग नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शुभम कुमार निवासी जमनपुर, सेलाकुई और अंकित तिवारी निवासी हरदोई (वर्तमान निवासी सेलाकुई) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक स्कूटी जूपिटर और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ थाना सेलाकुई में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/22(सी)/29/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने आमजन से अपील की है कि नशे से दूर रहें और मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना की जानकारी तत्काल पुलिस या एसटीएफ, एएनटीएफ को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। 'ड्रग्स फ्री देवभूमि' अभियान के तहत नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय