home page

एसएससी परीक्षा में हाईटेक नकल मामले में एक और गिरफ्तार

 | 
एसएससी परीक्षा में हाईटेक नकल मामले में एक और गिरफ्तार


देहरादून, 28 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फरवरी 2026 में कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की मल्टीटास्किंग स्टाफ (एमटीएस) एवं हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में हाईटेक तरीके से नकल कराने के मामले में एक और आरोपित को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के मुगलसराय निवासी अंकित कुमार (22) के रूप में हुई है।

एसटीएफ के अनुसार, वह परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में तैनात था और उस पर परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटरों को रिमोट एक्सेस देने के लिए गिरोह के सदस्यों को आईपी संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने का आरोप है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंहने बुधवार को बताया कि इस मामले में 14 फरवरी 2026 को देहरादून की कोतवाली नगर में मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की संवेदनशीलता और तकनीकी पहलुओं को देखते हुए इसकी विवेचना एसटीएफ को सौंपी गई थी। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर आरोपित की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद उसे दिल्ली से गिरफ्तार किया गया।

एसटीएफ के मुताबिक, परीक्षा केंद्र पर पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त अंकित कुमार की जिम्मेदारी अभ्यर्थियों के पहचान पत्रों की जांच करने और परीक्षा के दौरान नकल सहित अन्य अवांछनीय गतिविधियों पर नजर रखने की थी। आरोप है कि उसने परीक्षा केंद्र में लगे कंप्यूटरों को रिमोटली एक्सेस करने के लिए जरूरी आईपी संबंधी जानकारी नकल कराने वाले गिरोह के सदस्यों को भेजी थी। आरोपित के पास से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

एसटीएफ ने बताया कि इस प्रकरण में गिरोह के सात अन्य आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पूछताछ में मिली जानकारियों के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना पुलिस उपाधीक्षक परवेज अली कर रहे हैं।

एसटीएफ के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित नवंबर 2025 में एसएससी की मल्टीटास्किंग स्टाफ और क्लेरिकल स्टाफ परीक्षाओं में नकल के संबंध में देहरादून कोतवाली में दर्ज एक अन्य मुकदमे में भी वांछित था।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय