रुड़की में 15 मिनट में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या
रूड़की, 25 अगस्त (हि.स.)। मंगलवार को दिनदहाड़े हुई दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाओं ने शहर को दहला दिया। करीब 10 से 15 मिनट के अंतराल में दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरी घटना में एक महिला के पति को भी गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पहली घटना प्रीत विहार की है। संगीता ई-रिक्शा से सेक्टर रोड की ओर जा रही थी, तभी हमलावर ने नजदीक से गोली चला दी। फायरिंग से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। गंभीर घायल संगीता को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पहली वारदात के कुछ ही मिनट बाद दूसरी वारदात गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सुभाष नगर में हुई। यहां संगीता की बहन पुष्पा और उनके पति पर घर के बाहर फायरिंग की गई। हमले में पुष्पा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति गंभीर घायल हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दोनों घटनाओं के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी समेत अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों से पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में दोनों वारदातों के बीच कनेक्शन और एक ही आरोपी की भूमिका की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पारिवारिक विवाद के एंगल से भी जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार महिलाओं के भाई पर भी शक की सुई है, हालांकि पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और जल्द खुलासे का दावा कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

