home page

गोरापड़ाव डकैती में दो और आरोपित गिरफ्तार,तमंचे और 1.40 लाख रुपये बरामद

 | 

हल्द्वानी, 28 अगस्त (हि.स.)। गोरापड़ाव में 19 अगस्त को हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई डकैती के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल कार और 1.40 लाख रुपये की लूटी गई नकदी बरामद करने का दावा किया है। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी डॉ.मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2,500 रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

पुलिस के अनुसार 19 अगस्त की शाम करीब 10 हथियारबंद बदमाशों ने गोरापड़ाव स्थित केआईए शोरूम के पीछे कार्यालय/गैराज में घुसकर करीब आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन और अंगूठियां लूट ली थीं। मामले में हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीमें गठित की थीं। इनमें एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, विभिन्न थानों की पुलिस, बीडीएस, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञ शामिल थे।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। इससे पहले पुलिस यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

पुलिस के मुताबिक तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर टीम ने 27 अगस्त को हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान साहब सिंह उर्फ साबी (27), निवासी गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, रामपुर और गुरवंत सिंह उर्फ गोपी (26), निवासी नूरपुर, थाना स्वार, रामपुर के रूप में हुई है।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ में दोनों ने गोरापड़ाव डकैती में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनके कब्जे से 315 बोर के दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, वारदात में इस्तेमाल वरना कार और 1.40 लाख रुपये बरामद किए गए। इनमें साहब सिंह के पास से 89,700 रुपये और गुरवंत सिंह के पास से 50,300 रुपये बरामद हुए।

पुलिस के अनुसार बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है। साहब सिंह के खिलाफ नानकमत्ता, केलाखेड़ा, दिनेशपुर और रामनगर थानों में मारपीट, धमकी, बलवा, आगजनी और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज हैं। वहीं गुरवंत सिंह के खिलाफ भी नानकमत्ता थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनुपम गुप्ता