home page

नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित दो माह बाद गिरफ्तार, खुद को मृत साबित करने के लिए रची थी साजिश

 | 
नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपित दो माह बाद गिरफ्तार, खुद को मृत साबित करने के लिए रची थी साजिश


हरिद्वार, 16 जून (हि.स.)। पुलिस ने लगभग दो माह से फरार चल रहे दुष्कर्म के एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित ने पुलिस को गुमराह करने और खुद को मृत साबित करने के लिए नहर किनारे अपने कपड़े, जूते और अन्य सामान छोड़कर आत्महत्या का झूठा नाटक भी रचा था, लेकिन पुलिस की सतर्क जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आखिरकार वह कानून के शिकंजे से बच नहीं सका।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली मंगलौर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने अप्रैल 2026 में अपनी सात वर्षीय नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किए जाने के संबंध में आरोपित नीटू उर्फ ज्ञानेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले में गठित विशेष पुलिस टीमों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसकी तलाश में अभियान चलाया। न्यायालय से गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) भी प्राप्त किया गया था।

पुलिस जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए एक सुनियोजित साजिश रची थी। उसने नहर किनारे अपने कपड़े, जूते और अन्य सामान छोड़ दिए ताकि लोगों और पुलिस को यह लगे कि उसने नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली है। लेकिन पुलिस ने जांच बंद नहीं की और तकनीकी निगरानी तथा मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश जारी रखी।

लगातार प्रयासों और सटीक सुरागरसी के चलते मंगलौर पुलिस ने आखिरकार मंगलवार को आरोपी नीटू उर्फ ज्ञानेंद्र पुत्र मुंशी निवासी ग्राम मन्नाखेड़ी, कोतवाली मंगलौर, जनपद हरिद्वार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक पूछताछ शुरू कर दी है और उसके विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला