शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म करने का आरोपित, युवक गिरफ्तार
हरिद्वार, 22 नवंबर (हि.स.)। शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने के आरोपित युवक को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित को रुड़की बस अड्डे से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, रुड़की कोतवाली क्षेत्र के आकाशदीप निवासी एक युवती ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि शक्ति विहार कॉलोनी, पाडली गुर्जर निवासी धर्मेंद्र पुत्र सुरेंद्र ने उसे शादी का झांसा देकर जबरन दुष्कर्म किया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंशु चौधरी को सौंपी गई।
एसएसपी के निर्देश पर रुड़की कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की। टीम ने मुखबिर की सूचना पर रुड़की बस अड्डे से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

