दस लाख की फिरौती मांगने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, हत्या की साजिश नाकाम
हरिद्वार, 23 अप्रैल (हि.स.)। हरिद्वार जनपद के लक्सर क्षेत्र में पुलिस ने अपनी सतर्कता और तेज कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक साजिश को समय रहते नाकाम कर दिया। 10 लाख रुपये की फिरौती मांगकर हत्या की योजना बना रहे तीन शातिर बदमाशों को कोतवाली लक्सर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का खुलासा करते हुए एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि 19 अप्रैल को हबीबपुर कुड़ी निवासी ग्राम प्रधान पति प्रवीण कुमार नागर ने शिकायत दर्ज कराई थी कि एक अज्ञात नंबर से उनसे 10 लाख रुपये की फिरौती मांगी जा रही थी और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। इस सूचना पर रायसी चौकी पुलिस ने तुरंत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर लक्सर कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक नितिन चौहान के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने रायसी क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया और बाइक सवार तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद हुए। पूछताछ में आरोपितों ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि फिरौती की रकम न मिलने पर वे प्रवीण कुमार की हत्या करने की साजिश को अंजाम देने वाले थे।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विकास उर्फ ठाकुर, आशिफ और मुराद अली के रूप में हुई है। तीनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

