पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या, दोनों गिरफ्तार
देहरादून, 04 अक्टूबर (हि.स.)। दून पुलिस ने प्रेमनगर कोतवाली क्षेत्र में हुई हत्या का 12 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेंद्र सिंह डोबाल ने रविवार को पुलिस कार्यालय में पत्रकार वार्ता कर मामले की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपितों ने मदन मुखिया (38) को शराब पिलाने के बहाने जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी और शव खाई में फेंक दिया।
पुलिस के मुताबिक, तीन अक्टूबर को मंडुवाला में डॉल्फिन कॉलेज के पास जंगल में खाई में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान मदन मुखिया (38) निवासी सहरसा, बिहार के रूप में की। वह वर्तमान में मंडुवाला, झाझरा क्षेत्र में रह रहा था। मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार के निशान मिले थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मजदूरों का सत्यापन किया और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मंडुवाला स्थित बाला सुंदरी मंदिर के पास से लल्लन शर्मा (23) को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लल्लन ने मदन की पत्नी मीना देवी के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल के पास झाड़ियों से वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद किया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी मीना देवी (30) को भी प्रेमनगर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।
फोन में फोटो-वीडियो मिलने के बाद हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में लल्लन ने बताया कि पिछले करीब दो-तीन वर्षों से उसका मदन की पत्नी मीना के साथ प्रेम संबंध था। दो दिन पहले मंडुवाला में एक मंदिर में मजदूरी के दौरान मदन ने उसका मोबाइल फोन देखा, जिसमें मीना के साथ उसकी फोटो और वीडियो मिले। इस पर मदन ने दोनों को जान से मारने और उनके संबंधों की जानकारी अन्य लोगों को देने की धमकी दी थी।
पुलिस के मुताबिक, इसके बाद दोनों ने मदन को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। योजना के तहत मीना उसे शराब पिलाने के बहाने डॉल्फिन कॉलेज से लगे जंगल में ले गई। वहां शराब पिलाने के बाद नशे की हालत में लल्लन और मीना ने कथित तौर पर चाकू से उसकी गर्दन पर वार कर हत्या कर दी। इसके बाद शव को जंगल से नीचे खाई में फेंक दिया और चाकू झाड़ियों में छिपा दिया।
पुलिस ने मामले में लल्लन शर्मा पुत्र गणेश शर्मा, निवासी सहरसा, बिहार और मीना देवी पत्नी मदन, निवासी सहरसा, बिहार को गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रेमनगर उपनिरीक्षक गिरीश नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय रावत, चौकी प्रभारी झाझरा उपनिरीक्षक प्रद्युमन सिंह नेगी, उपनिरीक्षक जगदम्बा प्रसाद बहुगुणा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

