home page

प्रेमनगर मारपीट प्रकरण : 7 फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित

 | 
प्रेमनगर मारपीट प्रकरण : 7 फरार आरोपियों पर 25-25 हजार का इनाम घोषित


देहरादून, 26 मार्च 2026 (हि.स.)। उत्तराखण्ड के देहरादून जिले के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच हुई मारपीट की घटना में घायल युवक की मौत के मामले में पुलिस ने सात फरार आरोपितो पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। यह जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में दी गई।

पुलिस के अनुसार, 23 मार्च-2026 की रात केहरी गांव, प्रेमनगर में छात्रों के दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल दिव्यांशु जाटराना की उपचार के दौरान अस्पताल में मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। जांच के दौरान पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण में सात अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई, जो फिलहाल फरार हैं।

वांछित आरोपियों में ऋतिक राज, शांतनु कुमार, उज्जवल सिंह, अंकुर, आदित्यराज, विनीत राज और प्रहलाद राज शामिल हैं। पुलिस ने सभी फरार आरोपितों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट प्राप्त कर लिए हैं।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही हैं। इसके तहत अन्य राज्यों में भी छापेमारी की जा रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोभाल ने इस प्रकरण में फरार सभी आरोपितों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि आरोपितों के संबंध में कोई भी सूचना मिले तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या नियंत्रण कक्ष को सूचित करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय