उधम सिंह नगर सामूहिक दुष्कर्म: मुठभेड़ में मुख्य आरोपित घायल, तीन गिरफ्तार
रुद्रपुर, 28 जुलाई (हि. स.)। उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में एक युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के अनुसार शनिवार रात सिडकुल में कार्यरत एक युवती अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान बाइक सवार तीन युवकों ने उसका अपहरण कर गदरपुर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमों और एसओजी को लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मंगलवार तड़के किच्छा की ओर जा रहे तीनों आरोपितों की बगवाड़ा क्षेत्र में घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि आरोपितों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में मुख्य आरोपित गुरबाज सिंह उर्फ मानू के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने गुरबाज सिंह, जोगा सिंह और रविंद्र सिंह को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपी का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजय आहूजा

