home page

देहरादून में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश गोली लगने से घायल

 | 
देहरादून में पुलिस मुठभेड़, दो बदमाश गोली लगने से घायल


देहरादून, 01 नवंबर (हि.स.)। देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, शनिवार देर रात नयागांव के पास सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल चालक चेकिंग प्वाइंट पर नहीं रुका और दोनों बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो बदमाशों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग कर दी, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।

इसके बाद पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान मोटरसाइकिल सवार दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल बदमाशों को उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। घटना की सूचना पर वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान समीम पुत्र इलियास और शहजाद पुत्र इखलाक, निवासी रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में दोनों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, दोनों किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से जा रहे थे।

पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों का पुराना आपराधिक इतिहास है। समीम के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शहजाद के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। दोनों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है और वे पूर्व में हरिद्वार जेल जा चुके हैं। पुलिस आरोपितों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच कर रही है।

----

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय