home page

दून में पुलिस-बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में ब्रिगेडियर हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, एक को लगी गोली

 | 
दून में पुलिस-बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में ब्रिगेडियर हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार, एक को लगी गोली


देहरादून,04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड के देहरादून स्थित राजपुर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई एक मुठभेड़ में सेवानिवृत ब्रिगेडियर हत्याकांड में शामिल एक अपराधी को गोली लग गई,जबकि दूसरे को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, जोहड़ी गांव में चेकिंग के दौरान संदिग्धों की पहचान होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। बदमाश गुनियाल गांव के जंगल की ओर भाग निकले। इस दौरान एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरे बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस की ओर से की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद की गई है।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) परमेन्द्र सिंह डोबाल और पुलिस अधीक्षक नगर (एसपी सिटी) मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायल बदमाश की स्थिति की जानकारी भी ली और संबंधित पुलिस अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद कावीश हुसैन त्यागी (22वर्ष), निवासी अंबा बिहार, थाना खालापार, जनपद मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) को गोली लगी है और शांतनु त्यागी (21वर्ष), निवासी ग्राम माढ़की, थाना बेहट, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय