नशे में धुत्त युवकों ने नाबालिग से किया सामूहिक दुष्कर्म
हरिद्वार, 14 जुलाई (हि.स.)। जनपद की लक्सर तहसील के पथरी थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि नशे में धुत 6 युवकों के एक गिरोह ने बाइक सवार युवक और किशोरी को रोककर युवक के साथ मारपीट की और किशोरी को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में रोष है।
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की किशोरी 13 जुलाई की शाम अपने परिचित युवक के साथ बाइक पर सवार होकर काठा पीर दरगाह की ओर जा रही थी। पथरी थाना क्षेत्र के खेतों के पास पहुंचते ही पहले से घात लगाए बैठे 6 युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि आरोपियों ने पहले युवक की बेरहमी से पिटाई की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद नशे में चूर युवकों ने किशोरी को जबरन खेतों में खींच लिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया।
पीड़िता ने परिजनों को बताया कि आरोपियों के बीच उसे रातभर बंधक बनाकर रखने को लेकर आपसी झगड़ा और कहासुनी हो गई थी। इसी अफरा-तफरी का फायदा उठाकर पीड़िता किसी तरह उनके चंगुल से छूटने में कामयाब रही। बदहवास हालत में वह खेतों के रास्ते भागती हुई एक घर तक पहुंची,जहाँ एक महिला ने किशोरी को सहारा दिया और कपड़े दिए। ग्रामीणों की मदद से परिजनों तक सूचना पहुंचाई गई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन तत्काल पथरी थाने पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।
पथरी थानाध्यक्ष रवींद्र कुमार के मुताबिक पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर पॉक्सो एक्ट में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। पीड़िता का मेडिकल कराया गया है, रिपोर्ट आनी बाकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

