हुड़दंग मचाने के आराेप में पांच गिरफ्तार
देहरादून, 27 मार्च (हि.स.)। उत्तराखंड के देहरादून जिले के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में 'ऑपरेशन नाइट वॉच' के तहत दून पुलिस ने सार्वजनिक स्थान पर झगड़ा कर हुड़दंग मचाने के आराेप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून परमेंद्र सिंह डोभाल के निर्देश पर जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
शुक्रवार को पुलिस ने एक जारी विज्ञप्ति में बताया कि 26 मार्च को दुर्गा मंदिर ठाकुरपुर रोड के पास दो पक्षों में विवाद की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां पांच युवक आपस में मारपीट कर शांति व्यवस्था भंग कर रहे थे। पुलिस की ओर से समझाने के बावजूद उनके उग्र होने पर सभी को मौके से धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

