home page

ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार

 | 
ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, पांच गिरफ्तार


देहरादून, 08 मई (हि.स.)। आईपीएल मैचों में ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत देहरादून पुलिस और उत्तराखंड एसटीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराष्ट्रीय ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़ किया है।

संयुक्त टीम ने बसंत विहार क्षेत्र से पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है,जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से आईपीएल मैचों में सट्टा खिलाने का काम कर रहे थे। पुलिस जांच में गिरोह के तार दुबई से संचालित प्रतिबंधित महादेव एप और रेडीबुक बैटिंग एप से जुड़े पाए गए हैं। मौके से भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और बैंकिंग दस्तावेज बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, मुख्यमंत्री के निर्देशों और पुलिस महानिदेशक उत्तराखंड के आदेशों के क्रम में संगठित अपराधों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बसंत विहार क्षेत्र में ऑनलाइन सट्टेबाजी की सूचना मिलने पर एसएसपी देहरादून और एसएसपी एसटीएफ के निर्देशन में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने सात मई की रात ऋषि विहार कॉलोनी स्थित एक किराये के फ्लैट पर छापेमारी कर ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया। आरोपित वेबसाइट और व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़कर आईपीएल मैचों पर सट्टा लगवा रहे थे।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए ऑनलाइन सट्टा संचालित करते थे। एप की यूजर आईडी और पासवर्ड उन्हें सुमित यादव नामक व्यक्ति उपलब्ध कराता था, जो दिल्ली-गुरुग्राम क्षेत्र में रहकर नेटवर्क संचालित करता है। आरोपितों के अनुसार यह एक्सेस दुबई से उपलब्ध कराया जाता था। जांच में यह भी सामने आया कि प्रतिबंधित महादेव बैटिंग एप से जुड़े नेटवर्क के बंद होने के बाद रेडीबुक बैटिंग एप के जरिए नया नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पुलिस को कई बैंक खातों की जानकारी भी मिली है, जिनमें सट्टेबाजी से जुड़े लेन-देन किए जा रहे थे। इन खातों की जांच जारी है।

पुलिस के अनुसार, जिस फ्लैट से सट्टा संचालन हो रहा था, वह हरिद्वार निवासी अंकित कुमार का बताया गया है। फ्लैट को सुमित यादव ने आरोपितों को किराये पर दिलवाया था और वह स्वयं भी समय-समय पर वहां आता-जाता था। गिरफ्तार आरोपितों में सुनील शर्मा, संदीप गुप्ता, अकरंद शर्मा और अभिषेक शर्मा निवासी सरगुजा (छत्तीसगढ़) तथा संदीप कुमार निवासी औरंगाबाद (बिहार) शामिल हैं। संयुक्त टीम ने मौके से तीन लैपटॉप, 17 मोबाइल फोन, 22 एटीएम कार्ड, एयरटेल एक्सट्रीम फाइबर कनेक्शन और ऑनलाइन सट्टेबाजी से संबंधित डिजिटल सामग्री बरामद की है।

आरोपितों के खिलाफ व बसंत विहार में जुआ अधिनियम की धाराओं 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंकिंग रिकॉर्ड की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय