(अपडेट) मुठभेड़ में एक घायल, दो बदमाश गिरफ्तार
हरिद्वार, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में बहादराबाद क्षेत्र में रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपित पिस्टल की सप्लाई करने पहुंचे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो पिस्टल, कारतूस और एक तमंचा बरामद किया है।
पुलिस ने बताया कि मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्रैंड लज्जा के पास कुछ बदमाश हथियारों की सप्लाई करने आने वाले हैं। इस पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर एंबुश लगाया। पुलिस ने मौके से विशाल और भूपेंद्र को पकड़ लिया, जबकि उनका साथी मुकुल गन्ने के खेत की ओर भागने लगा।
पुलिस के मुताबिक,पीछा किए जाने पर मुकुल ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विशाल (25), निवासी बहादराबाद, भूपेंद्र (23), निवासी मुजफ्फरनगर और मुकुल (25), निवासी मेरठ के रूप में की है।
घटना की सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अस्पताल पहुंचे और घायल आरोपी के उपचार की जानकारी ली। उन्होंने घटनाक्रम की समीक्षा कर अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हथियारों की आपूर्ति के नेटवर्क और उनकी अन्य आपराधिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

