home page

महंत हत्याकांड का इनामी आरोपित चंडीगढ़ से गिरफ्तार

 | 
महंत हत्याकांड का इनामी आरोपित चंडीगढ़ से गिरफ्तार


देहरादून, 12 अक्टूबर (हि.स.)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में वर्ष 2024 में हुई महंत की हत्या के मामले में फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपित को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। वह लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहा था।

एसटीएफ की ओर से सोमवार को बताया गया कि वर्ष 2024 में हरिद्वार के कनखल थाना क्षेत्र स्थित श्रद्धा भक्ति आश्रम में गुरुजी महंत गोविन्द दास के शिष्य विशम्बर दास (करीब 73 वर्ष) की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302, 201, 120बी और 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान कुल छह आरोपितों के नाम सामने आए थे।

पुलिस के मुताबिक, मामले में चार आरोपितों को हरिद्वार पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। एक अन्य आरोपित सौरभ उर्फ नीटू को एसटीएफ ने 20 सितंबर 2026 को बागपत से गिरफ्तार किया था। प्रदीप लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए घर की कुर्की की कार्रवाई भी की गई थी और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

एसटीएफ ने फरार आरोपित की तलाश में सूचनाएं जुटाने के साथ मैनुअल पुलिसिंग के माध्यम से निगरानी की। प्राप्त इनपुट के आधार पर टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे चंडीगढ़ से गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपित पंजाब में छोटा हाथी वाहन से माल की डिलीवरी का काम कर रहा था।आरोपित की पहचान प्रदीप (30) पुत्र बृजपाल, निवासी ऊदपुर, झिंझाना, शामली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि वांछित और इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान लगातार जारी है। फरार आरोपितों की तलाश में जुटी टीम को प्रदीप की गिरफ्तारी के रूप में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में निरीक्षक अबुल कलाम, उपनिरीक्षक नरोत्तम सिंह बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक हितेश कुमार, हेड कांस्टेबल संजय कुमार, वीरेंद्र नौटियाल, बृजेन्द्र सिंह चौहान और कांस्टेबल अनिल कुमार और मोहन असवाल शामिल रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय