home page

गढ़ी संघीपुर में खूनी संघर्ष में दो सगे भाइयों समेत तीन घायल, दस पर मुकदमा दर्ज

 | 

हरिद्वार, 25 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र में जमीन की नींव और पेड़ की शाखा हटाने को लेकर हुए विवाद में कथित तौर पर एक पक्ष की ओर से की गई गोलीबारी में दो सगे भाइयों समेत तीन लोग घायल हो गए।

पुलिस ने मंगलवार को हुई इस घटना के सिलसिले में दस लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस के अनुसार, घटना लक्सर कोतवाली क्षेत्र के गढ़ी संघीपुर गांव की है। शिकायतकर्ता इस्लाम पुत्र शराफत ने आरोप लगाया कि गांव लादपुर कलां में स्थित उनकी आबादी की जमीन पर करीब 20 वर्ष पहले मकान की नींव रखी गई थी। हाल में मकान निर्माण की तैयारी के दौरान गांव के प्रधान मुस्तफा और फैय्याज के कहने पर उन्होंने नींव दो फीट पीछे हटा ली थी। जमीन में आ रही पेड़ की शाखा हटाने को लेकर भी दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा था।

शिकायत के मुताबिक, 24 नवंबर की सुबह करीब साढ़े दस बजे इरफान समेत दस लोग हथियार लेकर मौके पर पहुंचे और गाली-गलौज के बाद गोलीबारी शुरू कर दी। गोली लगने से इस्लाम के बेटे मेहरबान और फरमान तथा उन्हें बचाने पहुंचे फरमान पुत्र असलम घायल हो गए।

पुलिस ने बताया कि घायलों को लक्सर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

लक्सर के पुलिस क्षेत्राधिकारी देवेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर इरफान, फरमान, सहरान, शहजाद, मेहरबान उर्फ गोलू, इरशाद, अरमान, अकरम उर्फ मोटू, रिजवान और मन्नान के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला