home page

दादूपुर में घर में घुसकर पिता-पुत्र की गोलियों से भूनकर हत्या, बदमाश फरार

 | 

-तीन बाइकों पर सवार होकर पहुंचे थे हमलावर, 60 वर्षीय पिता और 30 वर्षीय बेटे ने मौके पर तोड़ा दम

हरिद्वार, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तराखंड-उत्तर प्रदेश सीमा से सटे यूपी के दादूपुर गांव में छह बदमाशों ने घर में घुसकर पिता-पुत्र की गोली मारकर हत्या कर दी। तीन बाइकों पर सवार होकर आए हमलावरों ने 60 वर्षीय मुख्तार सिंह और उनके 30 वर्षीय पुत्र सुखविंदर सिंह पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी यूपी की ओर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुए दोहरे हत्याकांड से गांव में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय गांव के लोग अपने रोजमर्रा के कामों में व्यस्त थे। इसी दौरान तीन बाइकों पर सवार छह युवक मुख्तार सिंह के घर पहुंचे और अंदर घुसते ही पिता-पुत्र पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। अचानक हुई फायरिंग से आसपास के लोग सहम गए। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण घरों से बाहर निकले और घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर खानपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एसपी देहात अभय सिंह और लक्सर सीओ वीरेंद्र सिंह नेगी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

घटनास्थल उत्तर प्रदेश की सीमा में होने के कारण पुरकाजी थाना पुलिस को सूचना दी गई। यूपी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। इसके लिए ग्रामीणों से पूछताछ के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

यूपी पुलिस को हरसंभव सहयोग दिया जाएगा: अभय सिंह

एसपी देहात अभय सिंह ने बताया कि उत्तराखंड-यूपी बॉर्डर से सटे सीमावर्ती क्षेत्र में घटना की सूचना मिलते ही वह लक्सर सीओ और खानपुर थाना प्रभारी के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल यूपी क्षेत्र में होने के कारण पुरकाजी थाना पुलिस वैधानिक कार्रवाई कर रही है। इस मामले में हरिद्वार पुलिस की ओर से यूपी पुलिस को पूरा सहयोग दिया जाएगा।

दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि हमलावरों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला