home page

फर्जी जमानत प्रकरण में चार पेशेवर गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज

 | 
फर्जी जमानत प्रकरण में चार पेशेवर गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज


हरिद्वार, 23 मार्च (हि.स.)। हरिद्वार में अदालत को गुमराह कर फर्जी तरीके से जमानत लेने वाले पेशेवर जमानतियों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए चार लोगों को हिरासत में लिया है। थाना सिडकुल में आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 23 मार्च को थाना सिडकुल क्षेत्र के अंतर्गत रोशनाबाद स्थित जिला एवं सत्र न्यायालय हरिद्वार में सीजेएम न्यायालय में “सरकार बनाम रोशन लाल” प्रकरण की सुनवाई चल रही थी। इस दौरान अभियुक्तों की जमानत के लिए चार व्यक्ति जमानती के रूप में न्यायालय में पेश हुए।

सुनवाई के दौरान एसीजेएम न्यायालय के समक्ष मुकेश कुमार उर्फ मोनू की ओर से उज्ज्वल सिंह (निवासी ग्राम पथरी रेलवे स्टेशन) जमानती बने। वहीं रोशन लाल की ओर से नरेश प्रताप बहुगुणा तथा नरेश पुत्र चंद्रमण (निवासी सेक्टर-1 भेल) जमानती के रूप में उपस्थित हुए। इसके अतिरिक्त अभियुक्त राजेश कुमार की ओर से कमलेश पुत्र देवी सिंह (निवासी ग्राम पथरी रेलवे स्टेशन) जमानती बने।

कार्यवाही के दौरान न्यायालय के संज्ञान में आया कि सभी जमानती पेशेवर रूप से विभिन्न मामलों में जमानत लेने का कार्य करते हैं। न्यायालय में प्रस्तुत कंप्यूटर रिकॉर्ड की जांच में यह भी सामने आया कि इन व्यक्तियों ने पूर्व में कई मामलों में जमानत ली है, जबकि अपने शपथपत्र में इसका उल्लेख नहीं किया गया था।

जांच में यह पाया गया कि आरोपियों ने न्यायालय को गुमराह करने के उद्देश्य से झूठा शपथपत्र प्रस्तुत किया, जो दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने कमलेश,उज्ज्वल सिंह,नरेश सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला