home page

पुलिस ने जाली नोट छापने वाले हाईटेक गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार

 | 
पुलिस ने जाली नोट छापने वाले हाईटेक गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार


हरिद्वार, 30 जून (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में पुलिस ने नकली नोट छापकर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से करीब 50 हजार रुपये के जाली नोट, लैपटॉप, दो प्रिंटर, मोबाइल फोन व नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, 27 जून को कोतवाली श्यामपुर पुलिस ने 52 हजार 5 सौ के नकली नोटों के साथ तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया था। मामले की गहन विवेचना और पूछताछ के दौरान कई अहम सुराग मिले, जिनके आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई।

इसी क्रम में पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोग क्विड कार यूके 08 बीजी 6798 से नकली नोट छापने के उपकरण और तैयार जाली नोटों को ठिकाने लगाने के लिए बड़ापुर (बिजनौर) की ओर जा रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने लालढांग तिराहे पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और तलाशी के दौरान तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गिरोह का सदस्य गुलजार ऑनलाइन विशेष कागज मंगाता था। शगुन जोशी असली नोटों की फोटो लेकर सॉफ्टवेयर और एप की मदद से उनकी गुणवत्ता बढ़ाता था, ताकि प्रिंट हूबहू असली जैसा दिखाई दे। वहीं देवेन्द्र ने बताया कि वह पहले भी गुलजार के साथ मिलकर बिजनौर के बड़ापुर क्षेत्र में करीब एक लाख रुपये के नकली नोट छाप चुका है, जिनमें से लगभग 60 हजार रुपये के नोट बाजार में चला दिए।

इस सफलता के बाद गिरोह का लालच बढ़ा और उन्होंने अपने नेटवर्क में देवेन्द्र के जीजा शिवम को भी शामिल कर लिया। चारों मिलकर नकली नोट तैयार कर उन्हें बाजार में खपाने की साजिश रच रहे थे। आरोपितों के पास से एक लैपटॉप व चार्जर, प्रिंटर, पांच मोबाइल फोन, 5 सो के चार असली नोट, 5 सौ के नकली नोटों की 25 प्रिंटेड शीट , गांधीजी के वॉटरमार्क वाली एक शीट बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते देवेन्द्र कुमार (31), निवासी सरदारपुर छांमली, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), गुलजार अहमद (30), निवासी टांडा सिक्कावाला, थाना बड़ापुर, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश), शगुन जोशी (26), निवासी लालढांग, थाना श्यामपुर, जिला हरिद्वार बताए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला