home page

उत्तराखंड : फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार

 | 
उत्तराखंड : फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह का भंडाफोड़, एक गिरफ्तार


देहरादून, 12 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने फर्जी शस्त्र लाइसेंस तैयार कर उन्हें विभिन्न राज्यों से उत्तराखंड में रजिस्टर्ड कराने वाले संगठित गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक को गिरफ्तार किया है। आरोपित के कब्जे से एक फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किया गया है।

एसटीएफ के अनुसार, यह कार्रवाई ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत की गई, जिसमें बाहरी राज्यों से फर्जी तरीके से शस्त्र लाइसेंस तैयार कर फर्जी एनओसी के आधार पर उत्तराखंड में दर्ज कराए जाने की शिकायतों की जांच की जा रही थी। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अमित यादव पुत्र डालचन्द यादव, निवासी हनुमंत रेजीडेंसी, शिमला बाईपास रोड, देहरादून के रूप में हुई है। जांच में सामने आया कि एक शस्त्र लाइसेंस, जो अमृतसर (पंजाब) से जारी होना दर्शाया गया था, वास्तव में वहां से जारी नहीं किया गया था और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर उसे उत्तराखंड में रजिस्टर्ड कराया गया था।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि इस नेटवर्क के माध्यम से बाहरी राज्यों से फर्जी शस्त्र लाइसेंस बनवाकर उन्हें उत्तराखंड के विभिन्न जनपदों में वैध रूप से दर्ज कराने की साजिश की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों की तलाश की जा रही है।

पूछताछ में कई अन्य फर्जी लाइसेंसों और उनसे जुड़े व्यक्तियों की जानकारी भी सामने आई है, जिनकी सत्यापन प्रक्रिया जारी है। पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य में अवैध गतिविधियों एवं संदिग्ध शस्त्र लाइसेंस धारकों पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय