home page

दहेज हत्या मामले में पति और ननद गिरफ्तार

 | 
दहेज हत्या मामले में पति और ननद गिरफ्तार


देहरादून, 01 अगस्त (हि.स.)। महिला एवं बाल अपराधों के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए दून पुलिस ने दहेज हत्या के मामले में आरोपित पति और ननद को शनिवार को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोबाल देहरादून के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी डोईवाला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस के अनुसार सीमा कंडारी निवासी श्रीकोट, श्रीनगर, पौड़ी गढ़वाल ने 29 जुलाई को कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर बताया था कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी का विवाह नवंबर 2025 में सौरभ खत्री निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव,दिल्ली फार्म,हर्रावाला, देहरादून के साथ हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज के लिए उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जा रहा था। आरोप है कि पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी और ननद चारू ने उनकी पुत्री की हत्या कर दी।

तहरीर के आधार पर कोतवाली डोईवाला में मुकदमा संख्या 223/26 धारा 80(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की विवेचना क्षेत्राधिकारी डोईवाला वंदना वर्मा को सौंपी गई और आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।

पुलिस टीम ने मामले में त्वरित साक्ष्य जुटाते हुए मृतका के परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो उपलब्ध कराया, जिसमें मृतका ने शादी के बाद से ससुराल पक्ष पर लगातार प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।

साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने आज नामजद आरोपी पति सौरभ खत्री पुत्र स्व. मनोहर खत्री और ननद सुरभि खत्री उर्फ चारू पुत्री स्व. मनोहर खत्री को लक्ष्मण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला से गिरफ्तार कर लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय