लॉटरी का झांसा देकर 80 लाख रुपये से अधिक की ठगी, एक गिरफ्तार
हरिद्वार, 30 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में मंगलौर पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए 80 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी छह बैंक खातों के माध्यम से कई राज्यों में साइबर ठगी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
एसएसपी नवनीत सिंह के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान प्रतिबिम्ब पोर्टल पर एक हॉटस्पॉट मूल बैंक खाते की जानकारी मिली। जांच में संबंधित खाते के खिलाफ विभिन्न राज्यों में 20 से अधिक साइबर शिकायतें दर्ज पाई गईं। इसके बाद मंगलौर थाने में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच में खाताधारक आकाश कुमार (23) पुत्र वीरेंद्र, निवासी गोपालपुर का नाम सामने आया। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने नाम से छह बैंक खाते संचालित कर रहा था। इन खातों के जरिए गुजरात, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और पंजाब सहित कई राज्यों में ठगी की शिकायतें मिली हैं। छह खातों से 80 लाख रुपये से अधिक की साइबर धोखाधड़ी का पता चला है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी फोन पर लोगों को लॉटरी निकलने का झांसा देकर इनाम का लालच देता था। इसके बाद ठगी की रकम एटीएम से निकालकर दूसरे खातों में स्थानांतरित कर देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से छह पासबुक, छह एटीएम कार्ड और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

