ऑनलाइन गेमिंग में मुनाफे का लालच देकर 1.77 करोड़ की ठगी, राजस्थान से आरोपित गिरफ्तार
देहरादून, 08 अक्टूबर (हि.स.)। ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट के जरिए कम धनराशि निवेश कर अधिक लाभ कमाने का लालच देकर 1.77 करोड़ रुपये की साइबर ठगी के मामले में उत्तराखंड एसटीएफ ने राजस्थान से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। जांच में ठगी की रकम में से करीब 14 लाख रुपये आरोपित के बैंक खाते में पहुंचने और चार माह में उसके खाते से करीब 95 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन सामने आया है।
स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के अनुसार हरिद्वार निवासी शिकायतकर्ता ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने यूट्यूब पर ऑनलाइन गेमिंग वेबसाइट विनअड्डा का विज्ञापन देखा था। इसके बाद साइबर ठगों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से व्हाट्सऐप के माध्यम से संपर्क कर लिंक भेजे और कम रकम निवेश कर अधिक लाभ का झांसा दिया। वर्ष 2025 में शिकायतकर्ता से कुल 1,77,53,960 रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई।
मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 61(2) और आईटी एक्ट की धारा 66डी के तहत जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान ठगी में इस्तेमाल बैंक खातों और उनमें हुए लेन-देन का विश्लेषण किया गया। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम में से करीब 14 लाख रुपये राजस्थान निवासी किशोर के बैंक खाते में जमा हुए थे। उसके खाते में केवल चार माह के दौरान करीब 95 लाख रुपये का लेन-देन भी पाया गया।
एसटीएफ टीम ने बैंक खाते के खाताधारक किशोर पुत्र मदन लाल (41) निवासी थाना लाडनूं, जिला डीडवाना-कुचामन, राजस्थान को लाडनूं से गिरफ्तार कर लिया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने आमजन से अपील की है कि ऑनलाइन गेमिंग, निवेश अथवा किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लाभ का लालच देने वाले अज्ञात व्यक्तियों और वेबसाइटों के झांसे में न आएं। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या धनराशि स्थानांतरित करने से पहले उसकी सत्यता जांच लें। साइबर अपराध होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

