लूट और हत्या मामले में फरार इनामी बदमाश गिरफ्तार
देहरादून, 11 जून (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस के 'ऑपरेशन प्रहार' अभियान के तहत देहरादून पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बिहार में लूट और हत्या के मामले में फरार 25 हजार रुपये के इनामी अपराधी मोहम्मद नसीम अख्तर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, बिहार के सीतामढ़ी जिले का निवासी मोहम्मद नसीम अख्तर अपने भाई वसीम की पैरवी और सहायता के लिए ऋषिकेश आया था। उसका भाई कुछ दिन पहले ऋषिकेश में हुई फायरिंग की घटना में गिरफ्तार किया गया था। बिहार पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर देहरादून वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ऋषिकेश पुलिस और एसओजी देहात की संयुक्त टीम गठित कर आरोपित की तलाश के निर्देश दिए। इसके बाद मुखबिर और सर्विलांस से मिली सूचना पर टीम ने हरिद्वार रोड पर नटराज फ्लाईओवर के पास से आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक 12 बोर का अवैध देसी तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने अपने भाई और अन्य साथियों के साथ बिहार के सीतामढ़ी जिले में लूट की एक वारदात को अंजाम दिया था, जिसमें पीड़ित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद से बिहार पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। आरोपित ने बताया कि वह बिहार पुलिस से बचने और अपने भाई से मिलने के लिए ऋषिकेश आया था और पुलिस की गतिविधियों की भनक लगने पर ट्रेन से फरार होने की तैयारी में था। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ कोतवाली ऋषिकेश में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही बिहार पुलिस को उसकी गिरफ्तारी की सूचना दे दी गई है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

