नाबालिग पर फायरिंग का आरोपित गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद
हरिद्वार, 26 फरवरी (हि.स.)। हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे आरोपित को भगवानपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक तमंचा और एक कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 25 फरवरी को भगवानपुर निवासी राजकुमार ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि वार्ड नंबर 8 भगवानपुर निवासी कार्तिक पुत्र सतवीर ने उसकी नाबालिग बेटी को जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आरोपित ने पीड़िता और उसके परिजनों के साथ गाली-गलौच कर जान से मारने की धमकी भी दी थी। तहरीर के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।
घायल नाबालिग का उपचार महंत इन्द्रेश अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत चिकित्सकीय निगरानी में बताई जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने नामजद आरोपित की तलाश तेज कर दी। कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपित को हसनपुर मदनपुर तिराहे के पास से धर दबोचा। उसके पास से घटना में प्रयुक्त तमंचा व खोखा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर चालान कर दिया
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

