home page

देहरादून में बुजुर्ग दंपति समेत तीन की हत्या, प्लंबर गिरफ्तार

 | 
देहरादून में बुजुर्ग दंपति समेत तीन की हत्या, प्लंबर गिरफ्तार


देहरादून, 06 अक्टूबर (हि.स.)। देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में पैसों के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में मंगलवार को बुजुर्ग दंपति समेत तीन लोगों की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में दंपति के घर पर करीब दो वर्षों से प्लंबिंग का काम कर रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र सिंह डोबाल ने मंगलवार शाम को अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपित पिछले करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपति के घर पर प्लंबिंग का काम करता था और मंगलवार को भी उसे काम के लिए बुलाया गया था।

पुलिस के अनुसार तपोवन क्षेत्र की विष्णुलोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर करीब 3:10 बजे एक घर में चोरी और एक व्यक्ति को लोगों द्वारा पकड़े जाने की सूचना मिली। सूचना पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। वहां स्थानीय लोगों ने एक व्यक्ति को पकड़ रखा था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने घर में रहने वाले बुजुर्ग दंपति और बीच-बचाव के लिए पहुंची एक महिला पर पेचकस से हमला करने की बात बताई।

पुलिस ने बताया कि घर के अंदर रजनी कपूर (75), उनके पति रमेश कपूर (80) और तिलया देवी उर्फ शीला (48) घायल अवस्था में मिले। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों को कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह करीब दो वर्षों से बुजुर्ग दंपति के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था। मंगलवार को भी वह उनके बुलाने पर काम करने पहुंचा था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर उसका दंपति से विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान उसने पेचकस से दोनों पर हमला कर दिया।

पुलिस के मुताबिक, दंपति की आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला वहां पहुंची और बीच-बचाव का प्रयास किया। आरोप है कि आरोपित ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में प्रयुक्त पेचकस बरामद किया है। आरोपित के पास से एक सोने की चेन भी बरामद होने की जानकारी पुलिस ने दी है। मृतका के परिजनों की तहरीर पर रायपुर थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में आरोपित बुजुर्ग दंपति के घर की ओर अकेले जाता दिखाई दिया है। अन्य सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक समेत अन्य पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक और फील्ड यूनिट की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार वह इंद्रेश नगर, सहारनपुर चौक के पास, देहरादून का निवासी है और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय