वाहन चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा, डिलीवरी बॉय समेत तीन गिरफ्तार
देहरादून, 17 मार्च (हि.स.)। जनपद पुलिस ने वाहन चोरी की तीन अलग-अलग घटनाओं का खुलासा कर एक डिलीवरी बॉय सहित तीन लोगाें को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की तीन दोपहिया वाहन भी बरामद हुए हैं।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली डोईवाला, पटेलनगर और डालनवाला क्षेत्रों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों के खुलासे के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने घटनास्थलों और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच, संदिग्धों की पहचान और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे वाहन चलाने के शौक और नशे की लत के चलते चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पुलिस ने तीनों मामलों में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
डोईवाला प्रकरण:
कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में भानियावाला निवासी सौरभ प्रजापति की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस ने विनय नेगी (21) को गिरफ्तार कर वाहन बरामद किया।
पटेलनगर प्रकरण:
पटेलनगर क्षेत्र से निखिल चौहान की मोटरसाइकिल चोरी के मामले में विनोद (28) निवासी मेहुँवाला को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद हुई।
डालनवाला प्रकरण:
डालनवाला क्षेत्र में सेंटेरियो मॉल के बाहर से चोरी हुई एक्टिवा स्कूटी के मामले में पुलिस ने नीतीश कुमार यादव उर्फ राज (23) को गिरफ्तार किया। आरोपी फूड डिलीवरी का कार्य करता है। उसके पास से चोरी की गई स्कूटी भी बरामद की गई।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

