home page

मुठभेड़ में बदमाश ढेर,थाना प्रभारी समेत दो घायल

 | 
मुठभेड़ में बदमाश ढेर,थाना प्रभारी समेत दो घायल


देहरादून, 30 अप्रैल (हि. स.)। जिले के प्रेमनगर क्षेत्र में लूट की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें एक बदमाश मारा गया, जबकि थाना प्रभारी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए।

पुलिस के अनुसार रात थाना प्रेमनगर को कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अज्ञात बदमाशों ने एक व्यक्ति से लूटपाट कर उसे गोली मार दी है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां घायल व्यक्ति ने अपना नाम देवराज बताया। उसने बताया कि काले रंग की गुजरात नंबर की कार में सवार बदमाशों ने तमंचे के बल पर उससे लगभग दो लाख रुपये, मोबाइल, डायरी और अन्य दस्तावेज लूट लिए और गोली मारकर फरार हो गए।

पुलिस ने घायल काे तुरंत अस्पताल पहुंचाया और बदमाशों का पीछा किया। कुछ दूरी पर संदिग्ध कार दिखाई देने पर घेराबंदी की गई, लेकिन बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और वाहन छोड़कर जंगल की ओर भाग निकले। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया, जबकि अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस दौरान थाना प्रभारी प्रेमनगर नरेश राठौर भी गोली लगने से घायल हो गए।

इसके बाद पुलिस घायल बदमाश, पीड़ित देवराज और थाना प्रभारी को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया। बाद में घायल बदमाश को कोरोनेशन चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारी मौके पर व अस्पताल पहुंचे। फरार बदमाशों की तलाश में सघन सर्च ऑपरेशन जारी है। जनपद भर में नाकाबंदी कर सीमाओं पर कड़ी निगरानी और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय