पुलिस मुठभेड़ में गौकशी का आरोपित घायल, साथी फरार
देहरादून, 15 नवंबर (हि.स.)। देहरादून में गौकशी और गौतस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। प्रेमनगर क्षेत्र में टी-स्टेट के पास देर रात पुलिस की जवाबी फायरिंग में गौकशी का एक आरोपित गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने घायल आरोपित को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस फरार आरोपित की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार, बीती देर रात ठाकुरपुर रोड पर टी-स्टेट के पास चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया गया। आरोप है कि दोनों ने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों को पिस्तौल दिखाकर भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया तो दरू चौक से मीठीबेरी की ओर टी-स्टेट क्षेत्र में बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया।
घायल आरोपित की पहचान इरशाद (32) पुत्र मोहम्मद जमशेद निवासी ग्राम खजुनावर, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। फरार आरोपित की पहचान शमीम निवासी ग्राम गंदेबड़ा, थाना फतेहपुर, जिला सहारनपुर के रूप में बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, घायल इरशाद ने इसी महीने प्रेमनगर थाना क्षेत्र के टी-स्टेट और बिधौली रोड पर गौकशी की घटनाओं को अंजाम दिया था। मौके से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा और खोखा, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (यूके 17 जे 0297), एक कुल्हाड़ी, दो छुरी और एक रस्सी बरामद की है।
पुलिस घायल आरोपित से पूछताछ कर रही है। फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

