home page

डिजिटल अरेस्ट ठगी मामले में हरियाणा से आरोपित गिरफ्तार

 | 
डिजिटल अरेस्ट ठगी मामले में हरियाणा से आरोपित गिरफ्तार


देहरादून, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर टीम ने 1.47 करोड़ रुपये की डिजिटल अरेस्ट साइबर ठगी के मामले में वांछित आरोपित को हरियाणा के अंबाला जिले से गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ की ओर से सोमवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार, गिरफ्तार आरोपित की पहचान हरियाणा के अंबाला जिले के शाह थाना क्षेत्र स्थित पिलखनी गांव निवासी 41 वर्षीय भूपिंदर सिंह के रूप में हुई है। आरोपित के विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। मामले में इससे पहले तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अगस्त 2025 में नैनीताल निवासी एक महिला ने साइबर थाना रुद्रपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप लगाया कि साइबर ठगों ने स्वयं को महाराष्ट्र साइबर क्राइम का अधिकारी बताकर महिला के नाम पर बैंक खाते में 60 करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग लेनदेन का झांसा दिया और खातों के ऑनलाइन सत्यापन के नाम पर व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से 12 दिनों तक उसे कथित रूप से डिजिटल अरेस्ट कर रखा। इस दौरान आरोपितों ने महिला से विभिन्न बैंक खातों में कुल 1.47 करोड़ रुपये स्थानांतरित करा लिए। जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपितों के बैंक खाते में ठगी की 50 लाख रुपये की राशि भेजी गई थी।

एसटीएफ ने बताया कि तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्यों और लगातार निगरानी के आधार पर फरार चल रहे आरोपित को हरियाणा के अंबाला जिले से गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय