ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग के नाम पर 70 लाख की ठगी, महाराष्ट्र से आरोपित गिरफ्तार
देहरादून, 05 जून (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग और निवेश के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले एक संगठित साइबर फ्रॉड गिरोह का पर्दाफाश करते हुए महाराष्ट्र से एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। मामले में देहरादून निवासी एक व्यक्ति से करीब 70 लाख रुपये की साइबर ठगी की गई थी।
एसटीएफ के अनुसार देहरादून के राजपुर निवासी शिकायतकर्ता की पत्नी फेसबुक पर निवेश संबंधी एक विज्ञापन के माध्यम से साइबर ठगों के संपर्क में आई थी। ठगों ने स्वयं को वित्तीय सलाहकार बताते हुए अधिक मुनाफे का लालच दिया और उन्हें एक व्हाट्सएप निवेश समूह से जोड़ दिया। इसके बाद एक फर्जी ऑनलाइन ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर आईडी बनवाकर विभिन्न बैंक खातों और यूपीआई माध्यमों से निवेश के नाम पर कुल 69.90 लाख रुपये जमा करवा लिए गए।
शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान बैंक खातों, मोबाइल नंबरों, व्हाट्सएप और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने महाराष्ट्र के वर्सोवा क्षेत्र में दबिश देकर नाबील करीम जवाहिरे (38) को गिरफ्तार किया।
एसटीएफ ने बताया कि आरोपित अपने साथियों के साथ मिलकर फर्जी निवेश समूह संचालित करता था और लोगों को नकली ट्रेडिंग डेटा एवं मनगढ़ंत मुनाफा दिखाकर ठगी का शिकार बनाता था। गिरोह वैध शेयर ट्रेडिंग का भ्रम पैदा कर डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से साइबर अपराध को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, पैन कार्ड, वोटर आईडी और बैंक चेकबुक सहित अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। एसटीएफ की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित की 6.26 लाख रुपये की धनराशि होल्ड कर सुरक्षित कर ली गई है, जिसे वापस दिलाने की प्रक्रिया जारी है।
एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश योजना में धन लगाने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। बैंक खाते, एटीएम कार्ड, ओटीपी, यूपीआई पिन या अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।
-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

