स्मेक के साथ सईद, मुनीर और सलमान गिरफ्तार
हरिद्वार, 27 अप्रैल (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलौर पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से कुल 32.80 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत लगभग 10 लाख रुपये आंकी गई है।
कोतवाली प्रभारी भगवान मेहर के नेतृत्व में नशा तस्करों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की गई थीं। टीमों ने गांव और कस्बों की कच्ची सड़कों से लेकर हाईवे तक सघन चेकिंग अभियान चलाया। संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए पुलिस ने सोमवार को अलग-अलग स्थानों से तीनों आरोपितों को दबोच लिया। पुलिस के अनुसार आरोपित सईद अहमद पुत्र सुल्तान अहमद, निवासी मौहल्ला कटहेड़ा, मंगलौर को 26.28 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया।
बरामद स्मैक की कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है। वहीं पिरान कलियर थाना क्षेत्र निवासी मुनीर पुत्र रियासत और सलमान पुत्र खुर्शीद को संयुक्त रूप से 6.52 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। इस बरामदगी की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये आंकी गई है।तीनों आरोपितों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

