देहरादून में पुलिस-बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर अपराधी गिरफ्तार
देहरादून, 04 जून (हि. स.)। देहरादून पुलिस को गुरुवार को तड़के बड़ी सफलता मिली। नयागांव क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में राजस्थान के दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीन अन्य बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी है,जिसका उपचार दून अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार नयागांव चौकी बैरियर पर तड़के चेकिंग के दौरान राजस्थान नंबर की एक स्विफ्ट कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने बैरियर को टक्कर मारते हुए वाहन को सेलाकुई की ओर भगा दिया। पुलिस टीम ने तत्काल पीछा किया। बदमाश चांदनी चौक होते हुए भूरपुर की ओर पहुंचे और रामगढ़ रपटे के पास कार छोड़कर नदी की तरफ भागने लगे।
इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान रिंकू मीणा (30) निवासी दौसा, राजस्थान के रूप में हुई है। वहीं दूसरा आरोपी विनोद कुमार मीणा (32) निवासी करौली, राजस्थान को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।
घायल रिंकू मीणा को पहले प्रेमनगर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे बेहतर उपचार के लिए दून अस्पताल रेफर किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एसपीसिटी प्रमोद कुमार सहित अन्य मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देशी तमंचे, खोखे, जिंदा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिंकू मीणा के खिलाफ राजस्थान में हत्या सहित कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि विनोद मीणा भी कई संगीन मामलों में वांछित रहा है। पुलिस फरार तीन अन्य बदमाशों की तलाश में सघन कांबिंग अभियान चला रही है। पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर तलाशी अभियान जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

