पुलिस ने किया कार लूट की घटना का खुलासा
हरिद्वार, 16 मार्च (हि.स.)। कोतवाली मंगलौर पुलिस ने कार लूट की घटना का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई नेक्सोन कार और एक मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 14 मार्च की शाम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि तीन अज्ञात व्यक्तियों ने सूचना देने वाले रोहित कुमार पुत्र रविंद्र सिंह निवासी नगला ऐमाद, थाना मंगलौर की नेक्सोन कार डीएल 8 सी बीएल 0846 लूट ली है। सूचना मिलते ही थाना मंगलौर पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन व आरोपियों की तलाश शुरू कर दी।
भागते समय आरोपियों ने एक स्कूटी सवार को टक्कर मार दी, जिससे कार का आगे का टायर फट गया। तेज गति से वाहन आगे न बढ़ पाने पर आरोपियों ने खुद को घिरता देख लिब्बरहेड़ी फ्लाईओवर के पास कार छोड़कर खेतों की ओर भाग गए। पुलिस ने मौके से लूटी हुई नेक्सोन कार कब्जे में लेकर वादी की तहरीर के आधार पर कोतवाली मंगलौर में मुकदमा दर्ज कर लिया।
कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस से बचने के लिए मुख्य आरोपी मंगलौर क्षेत्र में छिपा हुआ था, जिसे घेराबंदी कर सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने शौक और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए अपराध करने लगा।
गिरफ्तार आरोपित का नाम पता नीरज पुत्र नरेश निवासी मेहंदीपुर, थाना मुरथल, जिला सोनीपत (हरियाणा) बताया है। पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह हरियाणा के विभिन्न थानों में दर्ज कई मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

