ट्रामाडोल तस्करी नेटवर्क पर एसटीएफ का प्रहार, फार्मा स्टोर संचालक गिरफ्तार
देहरादून, 19 जून (हि.स.)। उत्तराखंड एसटीएफ और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल तस्करी गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर के संचालक सचिन मनिहाल को गिरफ्तार किया है। आरोपित पर विभिन्न दवा कंपनियों से ट्रामाडोल कैप्सूल मंगवाकर उत्तराखंड में अवैध सप्लाई करने का आरोप है।
एसटीएफ के अनुसार, 11 मई 2026 को हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र में संयुक्त अभियान के दौरान 18 हजार प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए गए थे। इस मामले में थाना मंगलौर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर से बड़े पैमाने पर प्रतिबंधित कैप्सूल उत्तराखंड भेजे जा रहे थे।
जांच में पता चला कि आरोपित सचिन मनिहाल विभिन्न स्रोतों से ट्रामाडोल कैप्सूल खरीदकर उन्हें मूल कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बेचता था। तकनीकी साक्ष्यों और अभिलेखों के आधार पर यह भी सामने आया कि जनवरी से मई 2026 के बीच मात्र पांच माह में एक दवा कंपनी से ट्रामाडोल कैप्सूल खरीदने के लिए करीब 35 लाख रुपये का भुगतान किया गया।
पूछताछ में आरोपित ने प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूलों की खरीद और आपूर्ति की पुष्टि की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से खरीद और सप्लाई में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि आरोपी की अवैध रूप से अर्जित संपत्ति, उसके फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और नशा तस्करी की सूचना तत्काल पुलिस या एसटीएफ को देने की अपील करते हुए कहा कि 'ड्रग्स फ्री देवभूमि' अभियान के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

