25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार
ऊधमसिंह नगर, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स और सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश चेतन सिंह बिष्ट को मथुरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश में पहचान छुपाकर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था।
यह कार्रवाई राज्य में अपराध नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ अभियान के तहत की गई। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देश और एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह के नेतृत्व में टीमों को संगठित अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।
पुलिस के अनुसार, आरोपी चेतन सिंह बिष्ट (34) निवासी हल्द्वानी, जनपद नैनीताल ने फरवरी 2025 में सितारगंज क्षेत्र में अपने साथियों के साथ मिलकर एक परचून की दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। विरोध करने पर दुकानदार पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर फरार हो गया था।
इस मामले में उसके दो साथियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि चेतन लगातार फरार चल रहा था।
जांच में सामने आया कि आरोपी उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में नाम और पहचान बदलकर रह रहा था और अन्य आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसके खिलाफ नैनीताल जिले में भी चोरी और लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसटीएफ को मिले सटीक तकनीकी इनपुट और सूचना के आधार पर आरोपी को मथुरा रेलवे स्टेशन से देर रात गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, वह फरार होने की फिराक में था।
कार्रवाई में एसटीएफ की कुमाऊं टीम और कोतवाली सितारगंज पुलिस की संयुक्त टीम शामिल रही। अधिकारियों ने इसे संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजय आहूजा

