home page

फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उत्तराखंड पुलिस का प्रतिरूपण करने वाला युवक गिरफ्तार

 | 
फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उत्तराखंड पुलिस का प्रतिरूपण करने वाला युवक गिरफ्तार


देहरादून, 24 जून (हि.स.)। उत्तराखंड पुलिस की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर सोशल मीडिया पर भ्रामक सामग्री प्रसारित करने और एआई, डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का वीडियो तैयार करने के आरोप में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून ने बुधवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) के अजय सिंह ने बुधवार को बताया कि उत्तराखंड पुलिस 112 नाम से संचालित एक फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट के माध्यम से उत्तराखंड पुलिस का प्रतिरूपण किए जाने की शिकायत मिलने पर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था।

उन्होंने बताया कि आरोपित एआई और डीपफेक तकनीक का उपयोग कर उत्तराखंड पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी का भ्रामक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर रहा था। मामले की जांच के दौरान सर्विस प्रोवाइडर कंपनियों और मेटा से प्राप्त तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

पुलिस ने बुधवार को क्लेमेन्टाउन क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 20 वर्षीय लुकमान मलिक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित मोरोवाला, क्लेमेन्टाउन का निवासी है। पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि उसने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर संचालित की थी और सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए पुलिस की वर्दी पहनकर फोटो एवं वीडियो भी पोस्ट किए। पुलिस के अनुसार आरोपित लोगों पर प्रभाव जमाने के साथ-साथ आर्थिक लाभ प्राप्त करने का प्रयास कर रहा था।

आरोपित के कब्जे से एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है, जिसमें संबंधित फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट लॉग-इन मिला। मोबाइल की जांच में एआई जनरेटेड वीडियो,पुलिस वर्दी में आरोपी की तस्वीरें और फर्जी पुलिस पहचान पत्र से संबंधित डिजिटल सामग्री भी प्राप्त हुई है। इसके अलावा उसके घर से पुलिस वर्दी से मिलते-जुलते वस्त्र और अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस ने बताया कि आरोपित के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। बरामद सामग्री को सीज कर आगे की विवेचना की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय