राजपुर हत्याकांड का खुलासा, पश्चिमी उत्तरप्रदेश का कुख्यात शार्प शूटर जैकी गिरफ्तार
देहरादून, 21 मई (हि.स.)। दून पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए राजपुर क्षेत्र में एक वर्ष पूर्व हुई हत्या की घटना का खुलासा कर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार प्रॉपर्टी विवाद के चलते सौतेले भाई ने ही हत्या की सुपारी दी थी। एक साल पुराने मामले के खुलासा पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम काेनकद पुरस्कार देने का ऐलान किया है।
गुरुवार काे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेन्द्र सिंह डोबाल ने पत्रकार वार्ता में बताया कि थाना राजपुर में 26 मई 2025 को जाखन स्थित आवास में अजय बटेजा की हत्या की हुई थी। इस मामले में मृतक के ममेरे भाई जतिन कुमार की तहरीर पर थाना राजपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतक का सौतेला भाई अमित बटेजा संपत्ति विवाद के कारण अजय बटेजा को रास्ते से हटाना चाहता था। उसने कुख्यात अपराधी राजन उर्फ जैकी को हत्या के एवज में संपत्ति में हिस्सा देने का लालच दिया था। योजना के तहत आराेपित अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ देहरादून पहुंचा और घटना को अंजाम दिया था।
उन्हाेंने बताया कि पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने अजय बटेजा को शराब पिलाने के बाद तकिये से मुंह दबाकर हत्या की। बाद में घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया, लेकिन वह सफल नहीं हो पाया। पकड़े जाने के डर से आरोपित घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर भी अपने साथ ले गया था। थाना राजपुर पुलिस और एसटीएफ ने जांच के आधार पर जैकी उर्फ राजन को मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी जैकी उर्फ राजन सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, रंगदारी, गैंगस्टर तथा गुण्डा एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। मामले के अनावरण पर पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने 2500 रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय

