home page

एसएससी परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

 | 
एसएससी परीक्षा में हाईटेक नकल गिरोह का सदस्य गिरफ्तार


-सर्वर रूम और अंडरग्राउंड चैम्बर बनाकर कराई जा रही थी ऑनलाइन परीक्षा में नकल

देहरादून, 16 मई (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एसएससी की ऑनलाइन परीक्षाओं में हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी ने परीक्षा केंद्र में सर्वर रूम, परीक्षा लैब और अंडरग्राउंड चैम्बर तैयार कर नकल कराने का नेटवर्क खड़ा किया था।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान ईश्वरी प्रसाद उर्फ इन्द्रजीत शर्मा के रूप में हुई है, जिसे नेहरू ग्राम स्थित सैंट जोन्स एकेडमी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से दो इंटरनेट राउटर बरामद हुए,जिन्हें परीक्षा लैब में लगाया जा रहा था।

एसटीएफ ने बताया कि आरोपी 13 फरवरी को आयोजित एसएससी मल्टीटास्किंग स्टाफ और हवलदार ऑनलाइन परीक्षा में नकल कराने वाले नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था। इससे पहले भी इस गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

गिरफ्तार आरोपी से 01 लैपटॉप, 04 मोबाइल फोन, 14 ब्लूटूथ डिवाइस, 20 बैटरियां, 02 इंटरनेट राउटर और एक फर्जी आईडी कार्ड बरामद किया गया है। जांच में सामने आया कि आरोपी नेटवर्किंग और इलेक्ट्रिकल कार्यों में विशेषज्ञ था और उसने परीक्षा केंद्रों में विशेष तकनीकी सेटअप तैयार किया था, जिससे बाहरी सॉल्वर सिस्टम का रिमोट एक्सेस लेकर अभ्यर्थियों तक उत्तर पहुंचा सकें।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में नकल माफिया के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि पूछताछ में नेहरू ग्राम स्थित परीक्षा केंद्र सहित कुछ अन्य स्थानों के सर्वर कम्प्रोमाइज होने की जानकारी मिली है। इसी के चलते 18 मई को प्रस्तावित एसएससी कांस्टेबल जीडी ऑनलाइन परीक्षा के लिए बनाए गए सैंट जोन्स एकेडमी केंद्र को एहतियातन सील कर दिया गया है। मामले की सूचना स्टाफ सेलेक्शन कमीशन के क्षेत्रीय निदेशक को भी भेज दी गई है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय