home page

हिमाचल प्रदेश से दून ला रहा 1.8 किलो चरस के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
हिमाचल प्रदेश से दून ला रहा 1.8 किलो चरस के साथ युवक गिरफ्तार


देहरादून, 21 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास एक युवक को 1.08 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपित ने हिमाचल प्रदेश के कसोल क्षेत्र से चरस लाकर देहरादून में बेचने की बात कही है। मामले में क्लेमेंटाउन थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

एसटीएफ की ओर से बुधवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत एसटीएफ/एएनटीएफ की टीम ने सूचना जुटाई। इसके बाद आशारोड़ी चेक पोस्ट के पास चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। उसके पास मौजूद काले रंग के बैग से 1,08 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, ड्रग डिटेक्शन किट से जांच में चरस होने की पुष्टि हुई।

गिरफ्तार आरोपित की पहचान युसुफ (22) पुत्र तौसीफ, निवासी ग्रीन व्यू,दून गली, मालसी, देहरादून, मूल निवासी पटना, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत गिरफ्तार किया है।

एसटीएफ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और शिक्षकों से नशे के विरुद्ध जागरूकता अभियान में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और किसी भी लालच में मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल नहीं होने का आग्रह किया। पुलिस ने लोगों से नशा तस्करी से संबंधित सूचना मिलने पर नजदीकी थाने या एसटीएफ/एएनटीएफ को सूचित करने की अपील भी की है।

कार्रवाई में एसटीएफ/एएनटीएफ के निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मैठानी, कांस्टेबल रवि पंत, प्रदीप कुमार और दीपक नेगी शामिल रहे। क्लेमेंटाउन थाना पुलिस की ओर से उपनिरीक्षक विवेक भंडारी और कांस्टेबल रणवीर शाह ने भी कार्रवाई में सहयोग किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय