नकली चाबी बनाकर दोस्त की बुलेट चोरी, गिरफ्तार
रुड़की, 13 जुलाई (हि.स.)। हरिद्वार जिले के रुड़की में दोस्ती का फायदा उठाकर नकली चाबी से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कराने वाले एक आरोपित को सिविल लाइंस पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी की गई बाइक बरामद कर ली है। पुलिस उसके फरार साथी की तलाश कर रही है।
पुलिस के अनुसार सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर निवासी रामकुमार सैनी ने 10 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई थी कि मैथोडिस्ट कॉलेज के पास खड़ी उनकी बुलेट चोरी हो गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि जांच के दौरान सूचना मिली कि चोरी की गई बुलेट भगवानपुर थाना क्षेत्र के डाडली गांव में खड़ी है। पुलिस ने छापेमारी कर डाडली निवासी कुशिंदर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से बुलेट बरामद कर ली।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह और रामकुमार स्कूल के समय से मित्र हैं। कुछ दिन पहले उसने बुलेट चलाने के बहाने ली थी और उसी दौरान उसकी नकली चाबी बनवा ली। बाद में उसने सहारनपुर जिले के बुढ़ाखेड़ा निवासी अपने एक साथी को नकली चाबी देकर 10 जुलाई को मैथोडिस्ट कॉलेज के बाहर से बुलेट चोरी कराई और अपने कब्जे में ले ली।
पुलिस ने बताया कि फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

