home page

ब्लैकमेल और विवाद के बाद युवती की गला दबाकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 | 
ब्लैकमेल और विवाद के बाद युवती की गला दबाकर हत्या, आरोपित गिरफ्तार


हरिद्वार, 28 जुलाई (हि.स.)। बहादराबाद पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित नावेद (28) निवासी अलीपुर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार युवती शहनुमा की हत्या प्रेम प्रसंग, आपसी विवाद और कथित ब्लैकमेल के चलते की गई। एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपित को मंगलौर क्षेत्र के भगवानपुर चंदनपुर से गिरफ्तार किया। आरोपित घटना के बाद से फरार चल रहा था।

पुलिस पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसका शहनुमा से प्रेम संबंध था, लेकिन समय के साथ दोनों के बीच विवाद बढ़ गए। आरोपित का दावा है कि एक पारिवारिक शादी में युवती के डीजे पर डांस करने को लेकर दोनों में कहासुनी हुई, जिसके बाद कथित रूप से ब्लैकमेल और परिवार को लेकर अपमानजनक टिप्पणियों से वह परेशान था।

पुलिस के अनुसार आरोपित शहनुमा को कलियर ले गया, जहां होटल में रुकने के बाद तड़के सुनसान स्थान पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को गंगनहर में फेंक दिया। आरोपित की निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और आधार कार्ड भी बरामद कर लिया गया है। इस मामले में बहादराबाद कोतवाली में पहले से बीएनएस की धाराओं 103(1) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसका चालान कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला