home page

25 लाख की साइबर ठगी मामले में पश्चिम बंगाल से गिरोह का सदस्य गिरफ्तार

 | 
25 लाख की साइबर ठगी मामले में पश्चिम बंगाल से गिरोह का सदस्य गिरफ्तार


देहरादून, 26 जुलाई (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की साइबर क्राइम पुलिस टीम ने करीब 25 लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में अंतरराज्यीय साइबर गिरोह के एक मुख्य सदस्य को पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपित की गिरफ्तारी भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट हाबरा बाजार क्षेत्र से की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह ने रविवार काे बताया कि देहरादून निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि साइबर अपराधियों ने उनका मोबाइल फोन हैक कर ई-मेल आईडी और मोबाइल नंबर बदल दिए और उनकी कंपनी के बैंक खाते से 24.95 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके आधार पर पश्चिम बंगाल भेजी गई टीम ने उत्तर 24 परगना निवासी 40 वर्षीय जियाउर गाजी को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह साइबर ठगों को बैंक खाते, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड और बैंकिंग विवरण उपलब्ध कराता था और इसके बदले आर्थिक लाभ लेता था। उसने अपने नाम और अन्य लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाकर उनका इस्तेमाल साइबर ठगी के लिए किया। जांच में यह भी सामने आया कि उसने 'गाजी इंटरप्राइजेज' के नाम से फर्जी फर्म बनाकर विभिन्न बैंकों में खाते खुलवाए थे।

एसटीएफ के अनुसार, जांच में आरोपित के आईडीबीआई बैंक खाते में ठगी की रकम की पहली परत में 11.95 लाख रुपये आने की पुष्टि हुई। इसके बाद राशि को इंडसइंड बैंक और सेंट्रल बैंक के खातों में स्थानांतरित किया गया। आरोपित ने इंडसइंड बैंक खाते से करीब सात लाख रुपये चेक के माध्यम से और शेष रकम एटीएम से निकाली।

पुलिस का कहना है कि आरोपित संगठित साइबर अपराध गिरोह के लिए अन्य लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड उपलब्ध कराने का भी काम करता था। उसके खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम के लेनदेन और धन निकासी के साक्ष्य मिले हैं।

गिरफ्तार आरोपित के कब्जे से एसबीआई और बैंक ऑफ बड़ौदा के दो डेबिट कार्ड, तीन मोबाइल फोन तथा विभिन्न कंपनियों के तीन सिम कार्ड बरामद किए गए हैं। एसटीएफ ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।

---

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय