home page

फायरिंग का आरोपित गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद

 | 
फायरिंग का आरोपित गिरफ्तार, अवैध तमंचा बरामद


रुड़की, 01 अक्टूबर (हि.स.)। पनियाला में हिंदू रक्षा दल के जिलाध्यक्ष विशाल चौहान पर फायरिंग के मामले में गंगनहर पुलिस ने 19 वर्षीय आरोपी साहिब पुत्र दिलदारा, निवासी पनियाला चंदापुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।

एसपी देहात अभय सिंह ने गुरुवार को गंगनहर कोतवाली में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 30 सितंबर को विशाल पुत्र प्रवीण कुमार ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का मुकदमा दर्ज कराया था। जांच के दौरान पुलिस को घटना के पीछे पुरानी रंजिश का पता चला।

पुलिस के अनुसार, 28 सितंबर को मेले में विशाल और आरोपी के भाइयों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद दोनों पक्षों में रंजिश बढ़ गई। 30 सितंबर को विशाल की कार सड़क किनारे लगे चाउमीन के ठेले के कारण धीमी हुई, तभी आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला