home page

हरिद्वार में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार

 | 
हरिद्वार में दो इनामी बदमाश गिरफ्तार


हरिद्वार, 22 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) और हरिद्वार कनखल पुलिस ने बुधवार को संयुक्त कार्रवाई करते हुए लूट के मामलों में फरार चल रहे दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में लूट एवं अवैध हथियार से जुड़े मामलों में वांछित थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे।मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस महानिदेशक के निर्देशानुसार एसटीएफ द्वारा सक्रिय गैंग और इनामी अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। एसटीएफ को मिली सटीक सूचना और विकसित तकनीकी इनपुट के आधार पर यह कार्रवाई की गई। एसटीएफ ने हरिद्वार पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए कोर्ट रोड, रोशनाबाद क्षेत्र से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में भानु प्रताप उर्फ गुड्डू (इनाम 25 हजार रुपये) निवासी किशोरपुर, थाना हस्तिनापुर, मेरठ और राहुल कश्यप (इनाम 5 हजार रुपये) निवासी खेड़ी, थाना मवाना, मेरठ शामिल हैं। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपितों ने 22 अक्टूबर 2025 को कनखल क्षेत्र में एक मोटरसाइकिल लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसके अलावा भानु प्रताप पर रानीपुर क्षेत्र में तमंचे की नोक पर 1.20 लाख रुपये और मोबाइल लूटने का भी आरोप है।

मुख्य आरोपित भानु प्रताप के खिलाफ हरिद्वार और मेरठ के विभिन्न थानों में लूट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, राहुल कश्यप पर भी डकैती और आर्म्स एक्ट सहित गंभीर आरोपों के मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में एसटीएफ टीम के साथ थाना कनखल और सीआईयू हरिद्वार की संयुक्त टीम शामिल रही।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय