home page

उज्जैनः लूट के मामले में दो नाबालिग सहित तीन आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी

 | 


उज्जैन, 17 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक ही रात में लूट की वारदात करने वाले भोपाल निवासी एक युवक और उसके दो नाबालिग अपचारियों को उज्जैन पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से चाकू, लूटी गई सोने की चेन, दो मोबाइल और चोरी का एक दोपहिया वाहन बरामद किया है। अब पुलिस अन्य वारदातों के संबंध में आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि सुभाष नगर स्थित ओम रेसीडेंसी निवासी तुषार किशनानी 23 वर्ष 14 जुलाई की रात अपनी मां और छोटे भाई कृष्णा के साथ घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान काले रंग की स्कूटी पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। पहले उन्होंने तुषार से मोबाइल छीनने की कोशिश की, लेकिन मोबाइल हाथ से छूटकर सडक़ पर गिर गया। कुछ दूर जाने के बाद तीनों आरोपी वापस लौटे। उनमें से एक ने चाकू दिखाकर कृष्णा को धमकाया और उसकी घड़ी व गले में पहनी सोने की चेन मांगने लगा। विरोध करने पर आरोपियों ने कृष्णा के साथ मारपीट की, उसे जमीन पर गिराया और चेन तथा घड़ी लूटकर भाग निकले। उसी शाम को बदमाशों ने शास्त्री नगर में अशोक धनवानी से सोने की चेन और अलखधाम नगर में शुभम सेन का मोबाइल भी लूट लिया था। नीलगंगा थाना पुलिस ने तुषार की शिकायत पर प्रकरण दर्ज किया था।

घटना के बाद पुलिस ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने बैरागढ़ निवासी कुणाल (25) पुत्र हेमंत कटारिया और दो नाबालिग अपचारियों को पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चाकू, सोने की चेन, दो मोबाइल तथा एक चोरी की स्कूटी भी बरामद की है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान उन्होंने अन्य आपराधिक मामलों में भी शामिल होने की बात कही है, जिनकी अलग से जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और अन्य वारदातों में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल