home page

उज्जैन : खाचरोद में दर्दनाक सड़क हादसा, बाथम दंपति की मौत, दो घायल

 | 
उज्जैन : खाचरोद में दर्दनाक सड़क हादसा, बाथम दंपति की मौत, दो घायल


खाचरोद, 23 मई (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के उज्जैन जिले के खाचरोद क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुए भीषण सड़क हादसे में पति-पत्नी की मौत हो गई, जबकि दूसरी कार में सवार दो लोग घायल हो गए। हादसा खाचरोद से करीब 10 किलोमीटर दूर बड़नगर रोड स्थित मड़ावद फंटे के पास हुआ।

जानकारी के अनुसार, भोपा कॉलोनी निवासी कैलाश बाथम अपनी पत्नी गीता बाथम के साथ ईको कार से भाटपचलाना के साप्ताहिक हाट बाजार से लौट रहे थे। दोनों मछली व्यापार का काम करते थे और शनिवार को हाट बाजार में मछली बेचने गए थे। वापस लौटते समय उनकी कार की सामने से आ रही क्रेटा कार से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के दौरान क्रेटा कार के एयरबैग खुल गए, जिससे उसमें सवार राजपाल निवासी ग्राम बड़ा गांव और चालक को गंभीर चोटें आईं।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने गीता बाथम को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल कैलाश बाथम को रतलाम रेफर किया गया। रतलाम अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। देर शाम तक मर्ग कायम नहीं हो सका था। दोनों शवों का पोस्टमार्टम रविवार सुबह कराया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / Ravindra singh Raghuvanshi